फर्रुखाबाद:मऊदरवाजा पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, चोरी का एसी, वॉशिंग मशीन व नकदी बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2026 मऊदरवाजा थाना पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एलजी कंपनी की वॉशिंग मशीन, एक विंडो एसी, एक स्टेबलाइजर तथा 1,165 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पहला मामला 23 जुलाई 2026 को दर्ज ई-एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें बरौन निवासी हरिनाथ सिंह ने अपनी दुकान से इन्वर्टर, बैटरियां, सीसीटीवी डीवीआर व हार्ड डिस्क चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं दूसरे मामले में सुजाता भारद्वाज ने बीबीगंज स्थित अपने बंद मकान से एसी, वॉशिंग मशीन, इन्वर्टर, बैटरी, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा सहित अन्य घरेलू सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कांशीराम कॉलोनी निवासी अमन पुत्र कामता तथा रकाबगंज निवासी निकत उर्फ निखहत पुत्र स्वर्गीय गुड्डू को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके बयान के आधार पर दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमन के विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि निकत उर्फ निखहत के खिलाफ भी दोनों चोरी के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजब सिंह, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सौरभ, विनीत, करतार सिंह, डिम्पल, अरविन्द तथा कृष्णगोपाल की टीम शामिल रही।

Leave a Comment