फर्रुखाबाद: भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति में बड़ा फेरबदल, ठाकुर सुशील सिंह चौहान बने अवध के प्रदेश अध्यक्ष

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने नई जिम्मेदारियों का ऐलान करते हुए ठाकुर सुशील सिंह चौहान को प्रदेश अध्यक्ष (अवध, उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया है। वहीं रोहित कुमार सिंह को प्रदेश सचिव (अवध) और डॉ. विनय कुमार को जिला प्रभारी फर्रुखाबाद (चिकित्सा प्रकोष्ठ) बनाया गया है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय महासचिव बंटी सिंह लोधी, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश शुक्ला और प्रदेश प्रमुख महासचिव अवनीश सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी नेताओं ने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सुशील सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आज भी कई किसान और मजदूर सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए विभागों के चक्कर काटते हैं और भ्रष्टाचार का सामना करते हैं। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाएगी और हर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य केवल आंदोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि खेती, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना है। नई नियुक्तियों को ग्रामीण भारत के विकास और किसान हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति लगातार गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ा रही है और किसानों को एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है, जिससे उनकी आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।