फर्रुखाबाद:आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले अभियुक्त पर बड़ी कार्रवाई, 1.75 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 फरवरी 2026 जनपद में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने अभियुक्त/नामित सदस्य मुकेश सिंह एवं उनके परिजनों के नाम से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत न्यायालय के आदेश पर की गई।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि अभियुक्त द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध रूप से भारी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई। जांच के दौरान लगभग ₹1,75,44,622.29 (एक करोड़ पचहत्तर लाख चवालीस हजार छह सौ बाईस रुपये उन्नतीस पैसे) की अवैध संपत्ति चिन्हित की गई, जिसे कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

कार्रवाई के तहत अभियुक्त व उसके परिवार के नाम दर्ज अचल संपत्तियों—जमीन एवं अन्य परिसंपत्तियों—के साथ-साथ विभिन्न बैंक खातों में जमा धनराशि को भी सीज किया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करते हुए कुर्की की प्रक्रिया पूर्ण की।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध के माध्यम से अर्जित की गई संपत्तियों को किसी भी स्थिति में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

कुर्की की कार्रवाई के दौरान संबंधित थाने की पुलिस टीम, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे।

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सहयोग मिल सके।

Leave a Comment