फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन C-वज्र” के तहत फतेहगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियोगों में पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 16 जुलाई 2026 को पंजीकृत तीन मुकदमों के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना अमृतपुर पुलिस ने दो मुकदमों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें देवेश पुत्र जबर सिंह, गौतम पुत्र प्रदीप (मु.अ.सं. 94/2026, धारा 318(4), 317(2) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट), आलोक पुत्र राजपाल तथा अवनीश पुत्र रामकिशन (मु.अ.सं. 95/2026, धारा 318(4), 317(2), 61(2) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट) शामिल हैं।
वहीं थाना राजेपुर पुलिस ने एक अन्य मुकदमे में अभिषेक पुत्र राजेश सिंह को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध भी धारा 318(4), 317(2) बीएनएस तथा 66-डी आईटी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
फतेहगढ़ पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
