फर्रुखाबाद:समर इंटर्नशिप के तहत लॉ छात्रों ने किया जिला कारागार का भ्रमण, कैदियों के अधिकारों और कानूनी सहायता व्यवस्था को जाना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA), लखनऊ के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में संचालित “समर इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026” के अंतर्गत गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) फर्रुखाबाद द्वारा जिला कारागार का शैक्षणिक एवं विधिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों के एलएल.बी. एवं एलएल.एम. के 18 चयनित छात्र-छात्राओं ने जेल प्रशासन और बंदियों को उपलब्ध कानूनी सुविधाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर के नेतृत्व में पहुंचे इंटर्न्स ने जिला कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान छात्रों को जेल में संचालित लीगल एड क्लिनिक एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, अधिवक्ता उपलब्ध कराने तथा जेल लोक अदालतों के माध्यम से न्याय दिलाने की व्यवस्था किस प्रकार की जाती है।

छात्रों ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर विचाराधीन बंदियों के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों, जमानत संबंधी प्रावधानों तथा न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने जेल की पाकशाला (मेस) में भोजन की गुणवत्ता, कारागार अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिला बैरक में बच्चों के कल्याण हेतु उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान जेल अधीक्षक अरविन्द कुमार श्रीवास्तव, उपकारापाल वैभव कुशवाहा तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ सुरेन्द्र राना ने छात्रों के विभिन्न कानूनी प्रश्नों का उत्तर दिया। उन्होंने विशेष रूप से रिमांड अवधि, विचाराधीन बंदियों की स्थिति तथा अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी (UTRC) की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर सचिव बिंदिया भटनागर ने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए न्यायिक एवं कारागार प्रणाली को नजदीक से समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें कानून की व्यावहारिक कार्यप्रणाली, संवेदनशील सामाजिक मुद्दों तथा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने वाली व्यवस्थाओं की गहन समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।

समर इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह भ्रमण कानून के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुआ, जिसने उन्हें किताबों में पढ़े गए कानूनी सिद्धांतों को वास्तविक परिस्थितियों में समझने और न्याय व्यवस्था के मानवीय पक्ष से परिचित होने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Comment