फर्रुखाबाद:नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जनवरी 2026 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन) एवं 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न या महिला संबंधी अपराध होने पर तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

अभियान के दौरान महिलाओं को महिला संबंधी अपराधों की जानकारी देते हुए उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं महिला सशक्तिकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। पुलिस द्वारा यह संदेश दिया गया कि महिलाएं भयमुक्त होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आएं और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करने में संकोच न करें।

कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस का यह जागरूकता अभियान महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।