फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय रोजगार मेला एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चन्द्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन यादव तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मेले में आए अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार और उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
रोजगार मेले में मारुति सुजुकी, स्पार्क मिंडा, लावा, टाटा मोटर्स लिमिटेड, जय भारत मारुति, यामाहा मोटर्स इंडिया प्रा. लि., न्यू हॉलैंड, हायर सहित कुल 34 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। लगभग 1500 रिक्त पदों के सापेक्ष 477 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 176 अभ्यर्थियों का जॉब ट्रेनी तथा 43 अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन हुआ। इस प्रकार कुल 219 युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन सच्चिदानन्द सागर ने किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह, प्रधानाचार्य राज किशोर (राजकीय आईटीआई कायमगंज), प्रधानाचार्य वृजेश कुमार, आशीष कुमार (एमआईएस मैनेजर), शुभांग मिश्रा (डीपीएम), रंजीत कुमार सुमन (अप्रेंटिस प्रभारी), विजेंद्र सिंह, राजकिशोर महतो सहित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद, कायमगंज एवं अमृतपुर के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
