फर्रुखाबाद:फार्मर रजिस्ट्री लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश, एक सप्ताह में अभियान पूरा करने की समयसीमा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति हेतु न्याय पंचायत स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने न्याय पंचायत क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले समस्त ग्रामों में तैनात कर्मियों के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रत्येक कार्मिक को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराई गई विभिन्न सूचियों के आधार पर ऐसे किसानों की अलग सूची तैयार की जाए, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी किसी कारणवश नहीं बन पा रही है। यह सूची ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान से प्रमाणित कराकर खंड विकास अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही आदेश में नाम त्रुटि, नाम मिसमैच तथा मृतक लाभार्थियों की सूची संबंधित लेखपाल को सीधे एवं खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से संबंधित तहसील को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आवश्यक संशोधन कर फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा सके।

बैठक में लेखपाल लॉगिन पर उपलब्ध लंबित फार्मर रजिस्ट्री आईडी के सत्यापन हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को लक्ष्य की गंभीरता समझते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment