फर्रुखाबाद: में अवैध नर्सिंग होमों की खैर नहीं, स्वास्थ्य विभाग चलाएगा विशेष जांच अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2026 जनपद में बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे निजी नर्सिंग होमों और अस्पतालों पर अब स्वास्थ्य विभाग सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। आमजन को सुरक्षित और मानक के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिले में विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ के निर्देश पर यह अभियान उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं निजी चिकित्सालय पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. आर.सी. माथुर की निगरानी में संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण संचालित संस्थानों में मरीजों का उपचार कराना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह लोगों की जान से खिलवाड़ भी है।

इन मानकों की होगी जांच

निरीक्षण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें अस्पतालों और नर्सिंग होमों में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच करेंगी। इनमें संस्थान का वैध पंजीकरण प्रमाण-पत्र, योग्य चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता, अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं, गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की स्थिति तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट (बायो मेडिकल वेस्ट) के उचित निस्तारण की व्यवस्था शामिल है।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित होता पाया गया अथवा निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहा होगा, तो उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश निजी चिकित्सालय अधिनियम एवं अन्य संबंधित नियमों के तहत कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर ऐसे संस्थानों को प्रशासन की मदद से सील भी किया जा सकता है।

जनता से की गई अपील

स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी निजी अस्पताल या नर्सिंग होम में उपचार शुरू कराने से पहले उसके पंजीकरण प्रमाण-पत्र और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अवश्य कर लें। साथ ही यदि कहीं बिना पंजीकरण संचालित अस्पताल या नर्सिंग होम की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुदृढ़ बनाना है, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Comment