फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मार्च 2026 जनपद में दहेज हत्या के मामले में कोतवाली कायमगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल टकोरा भी बरामद किया है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चंदर के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कोतवाली कायमगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 62/26, धारा 85/80(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत वांछित आरोपी विजय पुत्र रामनिवास निवासी मोहल्ला प्रेमनगर, कोतवाली कायमगंज को गिरफ्तार किया गया।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, 7 मार्च 2026 को वादी चन्द्र किशोर कोरी निवासी मोहल्ला घसिया चिलौली, कोतवाली कायमगंज ने तहरीर दी थी कि उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर पति विजय ने गुस्से में आकर टकोरे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टकोरा बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी का बयान
पुलिस पूछताछ में आरोपी विजय ने बताया कि 7 मार्च को उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया था। गुस्से में आकर उसने टकोरे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। आरोपी ने घटना पर पछतावा जताते हुए गलती स्वीकार की है।
बरामदगी
एक टकोरा (आलाकत्ल)
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, कांस्टेबल विनीत कुमार, कांस्टेबल प्रवीन
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।
