फर्रुखाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा मेला श्री रामनगरिया, पांचाल घाट फर्रुखाबाद में संचालित लीगल एड क्लीनिक का माननीय जिला जज नीरज कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर जिला जज / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार VI भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान माननीय जिला जज ने क्लीनिक में मौजूद अधिकार मित्रों से कार्यों की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकार मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर विधिक सहायता मिल सके।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार VI ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, जिससे आम जनता इन सेवाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने स्थायी लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में स्थायी लोक अदालत स्थापित की गई है, जहां जनउपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का प्री-लिटिगेशन स्तर (मुकदमा दायर करने से पूर्व) पर सुलह-समझौते के माध्यम से समाधान किया जाता है।
जनउपयोगी सेवाओं में शामिल हैं—
वायु, सड़क या जलमार्ग द्वारा यात्री एवं माल वहन सेवा
डाक, तार एवं टेलीफोन सेवा,विद्युत, प्रकाश एवं जल आपूर्ति
सार्वजनिक स्वच्छता एवं मल वहन व्यवस्था, अस्पताल एवं औषधालय सेवाएं, बीमा सेवा, रियल एस्टेट एवं शिक्षा से संबंधित सेवाएं।
स्थायी लोक अदालत के प्रमुख लाभ—
मुकदमे के निस्तारण में कोई कोर्ट फीस नहीं, पक्षकारों के समय और धन की बचत, दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान
स्थायी लोक अदालत के निर्णय के विरुद्ध किसी अन्य न्यायालय में अपील नहीं, पारित निर्णय सिविल कोर्ट के निर्णय के समान बाध्यकारी होता है
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार VI के साथ जिला न्यायालय के कर्मचारी शिवम चौधरी, विकास गौतम, अधिकार मित्र एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य लीगल एड क्लीनिक के कार्यों की गुणवत्ता को परखना और आम जनता तक विधिक सेवाओं की पहुंच को और सशक्त बनाना रहा।
