फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मई 2026 जनपद में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-32 में मंगलवार को कैडेट्स को एनसीसी की स्थापना, इतिहास एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। यह शिविर 18 मई से कर्नल ए.एस. मलिक के निर्देशन में संचालित हो रहा है।
शिविर के नौवें दिन निर्धारित सभी गतिविधियां सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गईं। इसी क्रम में आईजीएसएससी कैंप के लिए अलीगढ़ ग्रुप के शीर्ष 10 निशानेबाजों का चयन किया गया। चयनित कैडेट्स आगामी 3 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होने वाले आईजीएसएससी कैंप में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर कैप्टन गिरिजा शंकर ने जवाहर नवोदय विद्यालय के जूनियर डिवीजन के जेडी एवं जेडब्ल्यू कैडेट्स को एनसीसी की स्थापना, ध्वज एवं इतिहास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी का ध्येय वाक्य “एकता और अनुशासन” है तथा यह विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण एवं निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कैप्टन बलविंदर सिंह ने कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता के महत्व एवं उसके विकास के बारे में जानकारी दी। वहीं सूबेदार मेजर नवीन कुमार ने कैडेट्स को 0.22 राइफल के संचालन एवं शस्त्र प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान समस्त पीआई स्टाफ के साथ जीसीआई अंजलि एवं लेफ्टिनेंट गुलशन जहां उपस्थित रहे।
