फर्रुखाबाद: किसानों का दल पंतनगर किसान मेले के लिए रवाना, मिलेट्स खेती व तकनीक सीखेंगे प्रगतिशील किसान।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार (श्री अन्न) कार्यक्रम एवं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी (आत्मा योजना) के अंतर्गत जनपद के प्रगतिशील किसानों और कृषि विभाग के अधिकारियों का दल शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से उत्तराखण्ड के लिए रवाना किया गया। दल को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बस को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दल में कृषि विभाग के 20 अधिकारी एवं कर्मचारी तथा 30 प्रगतिशील किसान शामिल हैं। यह दल गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में भाग लेगा। मेले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों और नवीन खेती प्रणालियों की जानकारी दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त किसानों को विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में भी भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें मिलेट्स (श्री अन्न) की उन्नत खेती, उनके उत्पादों के उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस भ्रमण का उद्देश्य किसानों को मिलेट्स की खेती के प्रति जागरूक करना तथा उनके उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने किसानों से आह्वान किया कि वे कृषि संस्थानों से प्राप्त आधुनिक तकनीकों और जानकारी को अपने खेतों में अपनाएं और आसपास के किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जनपद में कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

Leave a Comment