फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जनवरी 2026 मेला श्रीरामनगरिया, पॉचाल घाट स्थित संस्कृति पाण्डाल में शुक्रवार को जनपद स्तरीय शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, लोक एवं सुगम संगीत विधाओं में गायन एवं वादन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, फर्रुखाबाद द्वारा आयोजित किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर पूर्व में चयनित प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। जनपद की तीनों तहसीलों के 19 विद्यालयों से आए कुल 80 विद्यार्थियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अनुभवी निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में—श्रीमती गुलशन जहाँ (नोडल-कला उत्सव), सहायक अध्यापिका, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद, सुश्री अंजलि चौहान, कत्थक नृत्यांगना एवं प्रशिक्षिका, श्री नीरज शुक्ला, शिक्षक, परिषदीय विद्यालय
श्री गोविन्द यादव, नृत्य कोरियोग्राफर शामिल रहे।
24 जनवरी को मिलेगा सम्मान
प्रतियोगिता में चयनित विजेताओं को 24 जनवरी 2026 को यू०पी० दिवस के अवसर पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, विजेताओं के नाम मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रेषित किए जाएंगे।
गणमान्य अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी श्रीमती दीप्ति वत्स, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री एन०पी० सिंह, संस्कृति विभाग के संयोजक श्री सुरेन्द्र पाण्डे सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। मंच संचालन श्री आकाश मिश्रा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला और भारतीय संगीत परंपरा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
