फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में बुधवार 29 जनवरी 2026 को गिरिजादेवी पी.जी. कॉलेज, सकवाई मोहम्मदाबाद में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री सुभाष राजपूत द्वारा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई।
शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह का आयोजन जनपद में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस अवसर पर एआरटीओ-प्रवर्तन ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि दिसम्बर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में कम से कम एक वाहन दोपहिया होता है तथा मृतकों में लगभग 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन सवार होते हैं।
अपने संबोधन में श्री सुभाष राजपूत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही है, जिस पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, गति नियंत्रित रखें तथा हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा लॉन्च किए गए “नेक्स्ट जेन एम परिवहन” एवं “डिजीलॉकर” एप की जानकारी देते हुए बताया कि इन एप्स के माध्यम से वाहन एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं, जो पूर्णतः मान्य हैं। साथ ही चालान की स्थिति जानने एवं ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने बीमा की वैधता, ऑनलाइन प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र तथा हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को अनिवार्य रूप से लगवाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा शालिनी गुप्ता द्वारा सरस्वती वंदना से की गई। इसके पश्चात मिली राजपूत एवं शालिनी गुप्ता द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रानी मिश्रा एवं रोड सेफ्टी क्लब के जिला संयोजक डॉ. आलोक बिहारी शुक्ला ने भी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में एआरटीओ-प्रवर्तन द्वारा सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में श्री पंकज चौधरी, श्री संतोष हिल्स, श्री पावस सहित कॉलेज के शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
