फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 थाना नवाबगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग युवती की हत्या के मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त विवेक पुत्र अजयपाल निवासी ग्राम सिरौली थाना नवाबगंज को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक नाजायज तमंचा, दो जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस (315 बोर) बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्री आलोक सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री हरीश चंदर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। थाना नवाबगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 63/2026 के तहत शुरू हुई विवेचना के दौरान इस जघन्य घटना का खुलासा हुआ।
घटना के अनुसार, 30 मार्च 2026 को वादी द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान एक बाल अपचारी की निशानदेही पर नदी किनारे खाई से प्लास्टिक की बोरी में युवती का शव बरामद किया गया। शव की शिनाख्त परिजनों द्वारा की गई, जिसके बाद मामले में हत्या व पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
पूछताछ में बाल अपचारी ने विवेक का नाम उजागर किया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विवेक घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ युवती को लेकर गया था और छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसने गुस्से में युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।
इस मामले में अभियुक्त के खिलाफ हत्या, अपहरण, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। साथ ही अवैध शस्त्र बरामदगी के आधार पर एक अन्य मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है।
पुलिस द्वारा अभियुक्त व बाल अपचारी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में थाना नवाबगंज, एसओजी व सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
