फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुर्कीपुर में 3 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के तत्वावधान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष हसनैन खान ने की। पंचायत घर के पास स्थित मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा एवं उनकी नवीन कार्यकारिणी का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा सभी धर्मों और समाजों के सम्मान पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अल्पसंख्यक वर्ग को भी समान अवसर और जिम्मेदारियां दी जाती हैं। केंद्र में 2014 से लगातार भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग, विशेषकर अल्पसंख्यक गरीब परिवारों और महिलाओं तक पहुंच रहा है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने केवल अल्पसंख्यक समाज का वोट लिया है, लेकिन उनके हित में कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में दंगों पर पूरी तरह रोक लगी है और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे हर वर्ग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में अराजकता और दंगों का माहौल था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने युवाओं से भाजपा की विचारधारा से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री गोपाल राठौर सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन हसनैन खान द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा और अल्पसंख्यक मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें संदेश राजपूत, रश्मि दुबे, अभिषेक बाथम, जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, संजय सिंह, शिवांग रस्तोगी, कृष्ण मुरारी राजपूत, संजीव गुप्ता, अभिषेक बाजपेई, मनोज गंगवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
