फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 फरवरी 2026 दिव्यांगजनों की सहायता के उद्देश्य से 12, 13 और 14 फरवरी 2026 को सेवा केन्द्र (एन.ए.के.पी. डिग्री कॉलेज के सामने) फर्रुखाबाद में निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में दिव्यांग व्यक्तियों को कृत्रिम पैर, कैलिपर, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही कटे हुए हाथ वाले दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम हाथ की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। कम सुनने वाले व्यक्तियों को जांच (ऑडियोमेट्री टेस्ट) के बाद निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध कुमार वर्मा तथा कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखर सक्सेना अपनी सेवाएं देंगे। शिविर का संयोजक डॉ. रजनी सरीन द्वारा किया जा रहा है तथा यह आयोजन एस.एन. साध ट्रस्ट के सहयोग और “जयपुर फुट” के सहयोग से संपन्न होगा।
आयोजकों ने बताया कि लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण-पत्र की फोटो कॉपी अनिवार्य रूप से लानी होगी, ताकि उन्हें सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा सके। अधिक जानकारी के लिए जारी संपर्क नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
