फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 फरवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह (01 फरवरी से 28 फरवरी 2026) के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में सोमवार को रोडवेज बस अड्डा लालगेट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ए.आर.टी.ओ.-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने ए.आर.एम. रोडवेज राजेश कुमार के साथ रोडवेज बसों की फिटनेस की जांच की और चालकों व परिचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
जांच के दौरान बसों के इंडिकेटर, हेडलाइट, ब्रेक, टायर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा सभी बसों को निर्धारित मानकों के अनुसार फिट रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही है, जिसे जागरूकता और नियमों के पालन से काफी हद तक रोका जा सकता है।
ए.आर.टी.ओ.-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने चालकों और परिचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, गति नियंत्रित रखें तथा यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि चालक नियमित रूप से अपनी आंखों और स्वास्थ्य की जांच कराते रहें।
कार्यक्रम के अंत में ए.आर.टी.ओ.-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव एवं ए.आर.एम. राजेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से उपस्थित 37 चालक-परिचालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
