फर्रुखाबाद: न्यायालय के आदेश पर दो माह बाद दर्ज हुई स्कूटी चोरी की एफआईआर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जून 2026 शहर के मोहल्ला नवाब नियामत खां निवासी जगतपाल शर्मा की स्कूटी चोरी के मामले में आखिरकार न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दो माह बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय पुलिस को सूचना देने और साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई थी।

जानकारी के अनुसार जगतपाल शर्मा लगभग दो महीने पूर्व रात करीब 10:30 बजे दवा लेने के लिए घर से निकले थे। दवा लेकर लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर खड़ी स्कूटी गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक स्कूटी को बिना स्टार्ट किए धक्का देकर ले जाते दिखाई दिए।

पीड़ित के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान प्रतिपाल श्रीवास्तव पुत्र रामबाबू श्रीवास्तव निवासी श्याम नगर तथा कुलदीप पुत्र गंगासहाय निवासी गुंजन विहार कॉलोनी, थाना कादरीगेट के रूप में हुई। जगतपाल शर्मा ने घटना के संबंध में कोतवाली फर्रुखाबाद में प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

बताया गया कि 21 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब एक बजे पुलिस द्वारा स्कूटी बरामद कर उनकी भतीजी को सुपुर्द कर दी गई थी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले आरोपितों के विरुद्ध उस समय कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद अब कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने प्रतिपाल श्रीवास्तव और कुलदीप राजपूत के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि वाहन बरामद होने के बावजूद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पीड़ित को न्यायालय का सहारा लेना पड़ा।

Leave a Comment