फर्रुखाबाद: तटबंध निर्माण और सर्किल रेट की मांग को लेकर 12 फरवरी को जिला मुख्यालय पर जुटेंगे किसान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन द्वारा गंगा नदी पर धीमर नगला से ढाई घाट तक तटबंध निर्माण तथा लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीनों के सर्किल रेट में वृद्धि की मांग को लेकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसानों की बैठकें आयोजित की गईं। ग्राम सभा भोगपुर, कारव, कमलाईपुर और रौकरी में हुई बैठकों में किसानों से 12 फरवरी को बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि क्षेत्र के किसान हर वर्ष बाढ़ की समस्या से जूझते हैं, जिससे फसलों और संपत्ति का भारी नुकसान होता है। उन्होंने गंगा तट पर शीघ्र तटबंध निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि दूसरी ओर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के नाम पर किसानों की जमीनें ली जा रही हैं, लेकिन उन्हें उचित सर्किल रेट नहीं मिल रहा है, जिससे किसान आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ कृषि व्यापार समझौते में कम शुल्क पर आयात की अनुमति देने से देश के किसानों को नुकसान हो सकता है, क्योंकि सस्ती विदेशी कृषि उपज बाजार में आने से स्थानीय किसानों की फसलों के दाम प्रभावित होंगे। इन सभी मुद्दों के विरोध में 12 फरवरी को राष्ट्रीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला सचिव पुजारी कटियार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, तहसील अध्यक्ष कायमगंज कश्मीर गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।