फर्रुखाबाद:लिंक एक्सप्रेसवे के सर्किल रेट को लेकर किसानों का आंदोलन तेज, 14 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना में अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीनों के सर्किल रेट को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आंदोलन की घोषणा की है। संगठन की बैठक ब्लॉक बढ़पुर के ग्राम पंचायत गुतासी में आयोजित हुई, जिसमें किसानों ने सर्वसम्मति से 14 फरवरी को जिला मुख्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि एक्सप्रेसवे परियोजना में जा रही किसानों की जमीनों का सर्किल रेट हर हाल में एक समान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा भी सर्किल रेट में भिन्नता समाप्त कर समान दर लागू करने की बात कही गई है और किसानों की सहमति के बिना उनकी जमीन नहीं ली जानी चाहिए। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सर्किल रेट किसानों के लिए कोई अनुकम्पा नहीं, बल्कि उनका अधिकार है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि 14 फरवरी को बड़ी संख्या में किसान अपने-अपने साधनों—ट्रैक्टर, बैलगाड़ी, कार, मोटरसाइकिल आदि—से जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में भाग लेंगे और सर्किल रेट बढ़ाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।

बैठक में जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सचिव सुशील दीक्षित, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, प्रधान निरोत्तम राजपूत, प्रधान श्याम शाक्य, दिनेश सिंह, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, तहसील महासचिव रजत गंगवार, बबलू खटीक, ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू यादव, संजय सिंह, रमेश राठौर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।