फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अप्रैल 2026 जिले में किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री (किसान पहचान पत्र) को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 30 अप्रैल 2026 तक जिन किसानों ने रजिस्ट्री नहीं कराई, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाएंगे।
जिले में अब तक 1,64,634 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि अभी भी 39,743 किसान इस प्रक्रिया से बाहर हैं। ऐसे किसानों को जोड़ने के लिए प्रशासन द्वारा 6 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर किसानों का पंजीकरण करेंगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर पंचायत सहायक, लेखपाल और कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक गांवों में कैंप लगाकर मौके पर ही किसान पहचान पत्र बनाएंगे। प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री जरूर कराएं।
प्रशासन के अनुसार किसान पहचान पत्र को अब सभी प्रमुख सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ दिया गया है। इसके तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रों, बीज व खाद पर सब्सिडी और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं का लाभ केवल रजिस्टर्ड किसानों को ही मिलेगा।
इसके अलावा बिना किसान पहचान पत्र के सरकारी खरीद केंद्रों पर अनाज की बिक्री भी संभव नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।
किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे अपने क्षेत्र के लेखपाल, पंचायत सहायक, कृषि कर्मी, खंड विकास अधिकारी या उपजिलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि 30 अप्रैल के बाद फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना संभव नहीं होगा, इसलिए सभी किसान समय सीमा से पहले पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।
