फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेशानुसार जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में जिलेभर में सघन जांच और छापेमारी की जा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने आबकारी स्टाफ और पुलिस टीम के साथ चौकी खुदागंज क्षेत्र के सिलार चौराहा तथा चौकी भोजपुर क्षेत्र के भूलनपूर्वा में अवैध ताड़ी के विरुद्ध विशेष दबिश अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 20 अवैध ताड़ी के पेड़ों के हत्ते कटवाए गए और 20 लीटर अवैध ताड़ी बरामद की गई। मामले में दो अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न लाइसेंसी शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया। देशी शराब दुकान अखमेलपुर, खिमसेपुर तथा कम्पोजिट मदिरा दुकान खिमसेपुर की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई।
आबकारी अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
