फर्रुखाबाद:महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर में लगने वाले मेले का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा उन्हें होने वाली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अन्य राज्यों व जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाव, नाविकों तथा गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कर सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए मेला क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से निगरानी, खोया-पाया केंद्र की स्थापना, पीए सिस्टम की व्यवस्था, पेयजल के लिए टैंकरों की व्यवस्था तथा मोबाइल शौचालय स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए मेले के दौरान एकल मार्ग (वन-वे) यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कमालगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।