फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मई 2026 डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। जनपद में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) के कम चिन्हीकरण पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी एचआरपी महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज उपलब्ध कराने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सीएम डैशबोर्ड पर डी रैंक तथा केवल 40 प्रतिशत भुगतान होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था में त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
हीटवेव को देखते हुए सभी पीएचसी एवं सीएचसी पर पंखे, कूलर, एसी और वाटर कूलर चालू रखने, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ओआरएस की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी एमओआईसी को तीन दिनों के भीतर आशा कार्यकर्ताओं की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 18,639 बच्चों का चिन्हीकरण किया गया है।
102 एम्बुलेंस सेवा की सीएम डैशबोर्ड पर 55वीं रैंक आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए रिस्पॉन्स टाइम कम करने के निर्देश दिए। वहीं एचआर और वाहन निविदा के समय विस्तार संबंधी प्रस्ताव को निरस्त करते हुए नई निविदाएं पुनः आमंत्रित करने को कहा गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों के नवीनीकरण और वेतन वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को कार्य प्रदर्शन के मूल्यांकन तक स्थगित कर दिया गया। साथ ही रीजेंट क्रय संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
टीकाकरण कार्यक्रम में खराब प्रगति पाए जाने पर एमओआईसी कायमगंज को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एमओआईसी नौलखा का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण डाटा समय से अपलोड करने और सभी नवजात बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
