फर्रुखाबाद: सड़क दुर्घटनाओं पर सख्त हुए डीएम, 15 दिन में स्पीड ब्रेकर व स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश 

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष Rajput ने बताया कि अप्रैल 2026 में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 11.11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि मृतकों की संख्या में 26.31 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं क्रमिक आधार पर दुर्घटनाओं में 19.76 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 25.58 प्रतिशत की वृद्धि पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग को सघन प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर स्थिति में स्ट्रीट लाइटों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।फतेहगढ़-कानपुर मार्ग पर झाड़ियों और पेड़ों की टहनियों के कारण रिफ्लेक्टर न दिखाई देने की समस्या पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर झाड़ियों की कटाई और छंटाई का कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।हाल ही में जमापुर मोड़ के निकट हुई सड़क दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पुलिस विभाग को तिपहिया मोटर वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सभी लिंक रोड जंक्शनों पर आगामी 15 दिनों के भीतर स्पीड ब्रेकर निर्माण और उन पर व्हाइट पेंटिंग का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में वर्ष 2023, 2024 और 2025 के सड़क दुर्घटना आंकड़ों के आधार पर जनपद में 12 नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके सर्वेक्षण और सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम-1988 की धारा-19 के अंतर्गत सुनिश्चित करने को कहा। परिवहन विभाग द्वारा अब तक एक वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है।इसके अलावा सभी थानों को iRAD/eDAR ऐप पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने और डाटा गैप शून्य करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में आरती सिंह, अरुण कुमार सिंह, गिरीश कुमार सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।