फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 मई 2026 जनपद में आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने फतेहगढ़ स्थित महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा शासन की मंशानुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर संबंधित उपजिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
