कासगंज जिला अधिकारी प्रणय सिंह परिषदीय विद्यालय का किया निरीक्षण विद्यालयों में स्वच्छता mdm शैक्षिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण विद्यालयों में स्वच्छता, एम0डी0एम0 एवं शैक्षिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर कम्पोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक को चेतावनी व प्राथमिक विद्यालय खितौली-2 विकास खण्ड सहावर में अध्यापिका राधा व अन्य के कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।

कासगंज। जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह द्वारा आज विकास खण्ड सहावर के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालयों में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन (एम0डी0एम0) सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी द्वारा कम्पोजिट विद्यालय सहावर, प्राथमिक विद्यालय खितौली-2 एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय खितौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कम्पोजिट विद्यालय सहावर के कक्षा-कक्षों में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाध्यापक को चेतावनी देते हुए विद्यालय परिसर एवं कक्षा-कक्षों में नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना संबंधित प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी है। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पुनः संज्ञान में आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं प्राथमिक विद्यालय खितौली-2 में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं अच्छी पाई गईं। विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा कार्यों के प्रति अध्यापिका राधा एवं अन्य शिक्षकों की सजगता पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसी प्रकार अपने दायित्वों के प्रति सजग एवं संवेदनशील रहकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, एम0डी0एम0 की समय से उपलब्धता एवं वितरण तथा विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का आधार हैं, इसलिए यहां की प्रत्येक व्यवस्था गुणवत्तापूर्ण एवं अनुकरणीय होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करते हुए कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment