फर्रुखाबाद:मकर संक्रांति पर्व के दृष्टिगत ढाईघाट मेले की तैयारियों का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जनवरी 2026 मकर संक्रांति पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा थाना शमसाबाद क्षेत्रान्तर्गत ढाईघाट मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में पैदल गश्त कर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायज़ा लिया। अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पिकेट ड्यूटी तथा घाटों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, गोताखोरों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मकर संक्रांति के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।