फर्रुखाबाद:शमसाबाद में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को शमसाबाद पहुंचकर स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत जलनिगम शहरी द्वारा निर्मित किए जा रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता जलनिगम शहरी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत शमसाबाद में 05 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। कस्बे में स्थित दो नालों का पानी इस प्लांट में लाया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत कुल 3.2 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिसकी ड्राइंग तैयार कर ली गई है। साथ ही पम्पिंग स्टेशन का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। वर्तमान में कस्बे का सीवरेज डिस्चार्ज लगभग 4.8 एमएलडी बताया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों को पाइपलाइन डालने के लिए खोदा जाए, उन्हें कार्य पूर्ण होते ही मोटरेबिल बनाया जाए और आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत खोदी गई सड़कों पर आवश्यक साइनेज अवश्य लगाए जाएं।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता जलनिगम शहरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।