फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 फरवरी 2026 जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को तहसील सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री तथा विभिन्न पटलों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि वादों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
राजस्व अभिलेखों के रख-रखाव, खतौनी अद्यतन, नामांतरण एवं वरासत प्रकरणों की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यप्रणाली को सरल एवं जवाबदेह बनाया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से आमजन को राजस्व संबंधी मामलों में त्वरित राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
