फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 फरवरी 2026 जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी ने थाना मेरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना एवं बंदी गृह का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली और गंभीर मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और सहयोग मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है और प्रशासनिक स्तर पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
