फर्रुखाबाद: बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की बैठक, 79 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी व्यवस्थाओं के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 फरवरी 2026 जनपद में वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से प्रारम्भ होने के दृष्टिगत परीक्षाओं को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जनपद के निर्धारित 79 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

बैठक में कंट्रोल रूम प्रभारी/प्रधानाध्यापक श्री रामलखन सिंह पाल ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर आधारभूत सुविधाएं जैसे फर्नीचर, वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, हाईस्पीड इंटरनेट, पेयजल, शौचालय तथा विद्युत की स्थायी एवं वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्ट्रांग रूम की स्थापना कर चार डबल लॉक युक्त अलमारियों की व्यवस्था करते हुए शासनादेश एवं परिषद के निर्देशों के अनुसार प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्ट्रांग रूम के संचालन हेतु लॉग बुक तैयार कर उसके सुरक्षित संधारण की भी व्यवस्था करने को कहा गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्र दो दिवस के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें तथा सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखें। उन्होंने उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की जानकारी देते हुए परीक्षार्थियों की सघन जांच एवं पहचान मिलान के बाद ही परीक्षा में शामिल किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही बालिका परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा कराए जाने पर विशेष जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करते हुए स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षाओं को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से संबंधित निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए जनपदीय कंट्रोल रूम नंबर 05692-234153 तथा कंट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9450109285 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री रखने हेतु पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।