फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विकासखंड शमसाबाद कार्यालय का किया निरीक्षण, योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मार्च 2026 जनपद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को विकासखंड कार्यालय शमसाबाद का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा और निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त योजना एवं राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं और कैशबुक को अद्यतन रखने, फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा स्पेशल क्लोज एवं असंतुष्ट आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment