फर्रुखाबाद:जेम पोर्टल से शासकीय क्रय को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जनवरी 2026 माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद फर्रुखाबाद में जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से शासकीय क्रय प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू करने हेतु शुक्रवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) को जेम पोर्टल पर शासकीय वस्तुओं, सेवाओं एवं सामग्री की खरीद प्रक्रिया से अवगत कराना रहा।जेम प्रकोष्ठ से प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु श्री अंकित शुक्ला उपस्थित रहे, जिन्होंने जेम पोर्टल से संबंधित विभिन्न शासनादेशों, नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान क्रेता विभागों द्वारा जेम पोर्टल के माध्यम से की जाने वाली खरीद से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई तथा उपस्थित अधिकारियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी आहरण वितरण अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय उपयोग में आने वाली सभी वस्तुओं, सेवाओं एवं सामग्रियों की खरीद अनिवार्य रूप से जेम पोर्टल के माध्यम से की जाए, जिससे पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद के सभी आहरण वितरण अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को शासकीय क्रय प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।