फर्रुखाबाद:जिला स्तरीय रिव्यू कमेटी की बैठक सम्पन्न, मानव एवं बाल तस्करी रोकने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2026 जनपद में मानव तस्करी, विशेषकर बाल तस्करी के मामलों की प्रभावी रोकथाम एवं निगरानी को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय रिव्यू कमेटी की बैठक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए समन्वित कार्रवाई पर चर्चा की गई।

बैठक में वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, एआरटीओ (रोडवेज), सहायक श्रमायुक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मानव एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए रेस्क्यू अभियानों की संख्या बढ़ाई जाए तथा अधिक से अधिक संवेदनशील (हॉटस्पॉट) क्षेत्रों की पहचान कर नियमित अभियान चलाए जाएं।

उन्होंने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी की संयुक्त टीम के साथ ढाबों, होटलों, दुकानों एवं अन्य संभावित स्थानों पर नियमित छापेमारी की जाए, जिससे बाल श्रम एवं मानव तस्करी से जुड़े मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने एआरटीओ (रोडवेज) को भी निर्देश दिए कि अन्य जनपदों से बच्चों को समूह के रूप में बसों के माध्यम से लाकर विभिन्न कार्यों में लगाए जाने की संभावनाओं को देखते हुए बस अड्डों एवं बसों में विशेष जांच अभियान चलाया जाए।

बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मानव एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।