फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जनपदस्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक संपन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर जनपदस्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत आगामी 10 फरवरी 2026 को जनपद में 01 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार प्रगति पर हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 05 फरवरी तक जनपद के सभी केंद्रों पर दवा की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों, एएनएम एवं बीआरसी के माध्यम से सभी विद्यालयों में नोडल अधिकारी नामित कर दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों की रिपोर्टिंग पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से की जाए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।