फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में “धरती माता बचाओ अभियान” के अंतर्गत जनपद स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला आपूर्ति अधिकारी, पर्यावरणविद् गुंजा जैन, इफको के प्रतिनिधि तथा उर्वरक व्यवसायी उपस्थित रहे।
बैठक में उप कृषि निदेशक ने अभियान की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि अभियान के तहत रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम करते हुए उनके स्थान पर नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, विभिन्न कल्चर, फसल अवशेष प्रबंधन तथा जैविक एवं हरी खाद के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं इफको के प्रतिनिधियों ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ाने के लिए अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत की, जबकि जिला उद्यान अधिकारी ने इसके तकनीकी पहलुओं पर जानकारी दी।
पर्यावरणविद् गुंजा जैन ने रासायनिक उर्वरकों के मृदा स्वास्थ्य और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए वैकल्पिक उपायों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा नैनो उर्वरकों और जैविक विकल्पों के लाभों की जानकारी सोशल मीडिया, गोष्ठियों और पम्पलेट के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जायद मौसम में चयनित गांवों में किसानों के खेतों पर प्रदर्शन आयोजित कर किसानों को इन तकनीकों के व्यावहारिक लाभों से अवगत कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान इन्हें अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
