फर्रुखाबाद:आशा बहुओं की मांगों पर तत्काल ध्यान दे जिला प्रशासन — अजय कटियार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बीते 15 दिसंबर से चल रहे आशा बहुओं के धरना-प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन का समर्थन मिला। संगठन के जिला अध्यक्ष अजय कटियार धरनास्थल पर पहुंचे और आशा बहुओं की मांगों को जायज बताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।

अजय कटियार ने कहा कि कड़ाके की ठंड में जहां अधिकांश लोग अपने घरों में हैं, वहीं आशा बहनें खुले आसमान के नीचे धरना देने को मजबूर हैं। जिला स्तरीय मांगों को तुरंत मानना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है, जबकि प्रदेश स्तरीय मांगों को शासन तक भेजा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत एवं प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा के समक्ष रखा जाएगा और प्रदेश स्तर पर आंदोलन को समर्थन दिया जाएगा।

उन्होंने आशा बहुओं के वेतन भुगतान में हो रही कथित धन उगाही पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही कमालगंज में वीपीसीएम श्रीमती हृदयेश कुमारी तथा फतेहगढ़ कार्यालय में बीसीपीएम राजीव पाठक के वर्षों से एक ही स्थान पर जमे रहने पर सवाल उठाते हुए उनके अन्य जनपदों में स्थानांतरण की मांग की, ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।

इस अवसर पर श्रीमती मिथिलेश सिंह, श्रीमती सपना कटियार, जिला महासचिव अभय यादव, जिला सचिव पुजारी कटियार, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष अनीस सिंह, सोनू सोमवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष बढ़पुर शिवराम शाक्य, अजीत सोमवंशी सहित बड़ी संख्या में आशा बहनें धरने पर उपस्थित रहीं।