फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जनसुरक्षा और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर जनपद में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।
प्रभारी अग्निशमन केंद्र फतेहगढ़ के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के कई प्रमुख कोचिंग संस्थानों में औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
इन प्रमुख कोचिंग संस्थानों में हुई जांच:
स्वरूप क्लासेस, भीमसेन मार्केट, भोलेपुर
आकाश क्लासेस, नेकपुर कला
संकल्प ग्रुप ऑफ एजुकेशन एंड कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, लोको रोड
कौटिल्य एकेडमी, तलैया लाइन, फतेहगढ़
अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इमरजेंसी एग्जिट) की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक संस्थान की जिम्मेदारी है। विभाग के अनुसार, छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन कोचिंग संस्थानों अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भवन स्वामियों से अपने परिसरों में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
किसी भी आगजनी अथवा आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा 9454418424 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
अग्निशमन विभाग का संदेश: “सतर्कता ही सुरक्षा है, अग्नि सुरक्षा अपनाएं और दुर्घटनाओं को रोकें।”
