फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 जसमई तिराहे के निकट क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण के चलते कायमगंज मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां आरसीसी बॉक्स कलवर्ट का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य 8 सितंबर 2026 से शुरू होने का प्रस्ताव है और इसके पूरा होने में करीब चार माह लगने की संभावना है।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, फतेहगढ़ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एटा-कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-121) पर जसमई तिराहे के निकट पूर्व निर्मित अंडरपास (पुलिया) क्षतिग्रस्त हो चुका है और यातायात की दृष्टि से असुरक्षित है।
चार माह तक यातायात रहेगा प्रभावित
क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर आरसीसी बॉक्स कलवर्ट के निर्माण के लिए सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। निर्माण अवधि के दौरान संबंधित स्थल पर यातायात पूर्णतः अवरुद्ध अथवा बाधित रहेगा। विभाग ने आमजन से अपील की है कि निर्माण कार्य की अवधि में इस मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और निर्माण कार्य में सहयोग प्रदान करें।
छोटे वाहन चलेंगे, बड़े वाहनों पर रहेगी रोक
अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने मीडिया को बताया कि पुलिया का निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग चार माह का समय लग सकता है। निर्माण के दौरान जसमई से बजरिया रोड पर छोटे वाहनों का आवागमन जारी रहेगा, जबकि बड़े वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
लोक निर्माण विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण अवधि में यातायात व्यवस्था को देखते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, जिससे जाम और किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
