फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 मनरेगा का नाम बदलने के प्रस्ताव के विरोध में शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पदयात्रा निकालते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह पदयात्रा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के नेतृत्व में आयोजित की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं कांग्रेस नेत्री लुइस खुर्शीद ने कहा कि सरकार योजनाओं का नाम बदलकर गरीबों के अधिकारों और संसाधनों को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि “नाम बदलकर सरकार गरीबों का पैसा हजम करना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।”
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है। इस दौरान पुन्नी शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध से घबराकर पुलिस को आगे कर देती है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाल रहे थे तो पुलिस की तैनाती अनावश्यक थी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों के विरोध में जनजागरूकता अभियान जारी रखेंगे और जनता के मुद्दों पर लगातार आंदोलन करते रहेंगे।
इस मौके पर वीरेंद्र मिश्रा, अर्चना राठौर, वरुण त्रिपाठी, अनिल मिश्रा, मृत्युंजय शर्मा, आसिफ, नजर मोहम्मद सहित तीन दर्जन से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह पदयात्रा फर्रुखाबाद शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गई।
