फर्रुखाबाद: अवैध अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग में अनियमितताओं को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अप्रैल 2026 जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए भाजपा के फतेहगढ़ मंडल महामंत्री सुमित कटियार ने जिलाधिकारी महोदय से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के लखोला मशीनी रोड सहित कई क्षेत्रों में अवैध रूप से अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं, जो नियमों की खुली अनदेखी कर रहे हैं।शिकायत में बताया गया कि इन अस्पतालों में “संरक्षक” के नाम पर संचालन किया जा रहा है, जबकि जिन डॉक्टरों के नाम बोर्ड पर लिखे हैं, वे मौके पर मौजूद नहीं रहते। अधिकांश अस्पतालों में एक ही डॉक्टर—डॉ. ए.के. गुप्ता—का नाम प्रदर्शित पाया जाना भी संदेह पैदा करता है। इसके अलावा, कई अस्पताल एल्यूमिनियम और प्लाईबोर्ड के अस्थायी पार्टिशन से संचालित हो रहे हैं, जो मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है।सुमित कटियार ने यह भी आरोप लगाया कि इसी वर्ष तीन से चार नवजात शिशुओं के शव मिलने की घटनाएं सामने आई हैं, जो संभावित भ्रूण हत्या या गंभीर चिकित्सीय लापरवाही की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है।स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में नियमों के विरुद्ध कार्य हो रहे हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर को हटाकर एसीएमओ डॉ. सर्वेश को चार्ज दिए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। साथ ही आरोप है कि चार्ज छोड़ने से पहले वाहनों के टेंडर सहित अन्य कार्य जल्दबाजी में कराए गए, जो बड़े स्तर पर अनियमितता और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं।उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि अवैध अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। सुमित कटियार ने कहा कि जिलाधिकारी स्वयं डॉक्टर होने के कारण जिले के लिए यह एक सकारात्मक अवसर है और उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है।अंत में उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जनपद को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर बनाते हुए आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।