फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अप्रैल 2026 जनपद में 2570वीं त्रिविधि पावनी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद में 1 मई 2026, दिन शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा शाम 4 बजे बीबीगंज चौकी से प्रारंभ होकर तिकोना चौकी, चौक, रेलवे रोड होते हुए ठंडी सड़क स्थित श्रीमती श्यामा देवी शाक्य सभागार पर समापन होगी।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह आयोजन भगवान गौतम बुद्ध की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। शोभायात्रा में भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों और मानवता के संदेश—दया, करुणा और मैत्री—को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शोभायात्रा के समापन के बाद सभागार परिसर में भोजदान एवं खीर वितरण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु सहभागी बन सकेंगे।
आयोजकों ने जनपद के समस्त बौद्ध अनुयायियों एवं समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने की अपील की है। विशेष रूप से महिलाओं और पुरुषों से शोभायात्रा में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया गया है।
इस आयोजन में शाक्य, कुशवाहा, मौर्य, सैनी समाज सहित समस्त बौद्ध परिवारों और इष्ट मित्रों को सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम का आयोजन शाक्य उत्थान समिति, फर्रुखाबाद द्वारा किया जा रहा है, जो सामाजिक समरसता और बौद्ध विचारधारा के प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय है।
