फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2026 जनपद में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-36) के सातवें दिन शनिवार को एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्नौज जनपद के यातायात पुलिस उप निरीक्षक आफाक खान ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे योग सत्र से हुई, जिसके बाद जूनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स की भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कैंप एडजुटेंट कैप्टन गिरिजा शंकर, चीफ अफसर सतीश चंद्र यादव एवं सेकंड अफसर संतोष शुक्ला ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रातः 11 बजे आयोजित विशेष सत्र में कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के निर्देशन एवं कैंप एडजुटेंट व मीडिया मैनेजर कैप्टन गिरिजा शंकर की पहल पर यातायात उप निरीक्षक आफाक खान को आमंत्रित किया गया। उन्हें कन्नौज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शिविर में शामिल कैडेट्स को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए भेजा गया था।
करीब डेढ़ घंटे तक चले व्याख्यान में उप निरीक्षक आफाक खान ने ब्रीदिंग एनालाइजर, डेसिबल मीटर और यातायात निगरानी में उपयोग किए जाने वाले कैमरों की कार्यप्रणाली से कैडेट्स को अवगत कराया। उन्होंने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है और 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने वाहन चलाते समय नशा न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
आफाक खान ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को सड़क पर हमेशा सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने का संदेश दिया। इस दौरान कैडेट्स ने यातायात संबंधी कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले एनसीसी कैडेट्स को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। समापन अवसर पर कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने कैडेट्स से यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने उप निरीक्षक आफाक खान का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कैंप डिप्टी कमांडेंट संदीप माधव, कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, चीफ अफसर सतीश चंद्र यादव, सेकंड अफसर संतोष शुक्ला, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार गिरिराज किशोर सहित समस्त पीआई स्टाफ मौजूद रहा।
