फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जनवरी 2026 दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के संवैधानिक चुनावी प्रक्रिया के अंतर्गत नितिन नवीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। इस ऐतिहासिक घोषणा के उपलक्ष्य में आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “नितिन नवीन जिंदाबाद” के जोरदार नारे लगाए।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जहां एक सामान्य परिवार में जन्मा व्यक्ति भी संगठन के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा अन्य दलों से अलग है, क्योंकि यहां परिवारवाद और वंशवाद की कोई जगह नहीं है। पार्टी में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और मेहनत के बल पर बड़े दायित्वों का निर्वहन कर सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि 45 वर्ष की आयु में नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना भाजपा के संगठन में एक नए युग की शुरुआत है। इससे जनपद सहित पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है और यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी कार्यकर्ता शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। आगामी विधानसभा और पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं और इन चुनौतियों का सामना करते हुए एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व सभासद प्रबल त्रिपाठी, डॉ. उदय प्रताप सिंह, धीरेंद्र वर्मा, सभासद डब्बू अग्निहोत्री, वीर बहादुर पाल, सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक बाजपेई, सागर गुप्ता, अमन कटिहार, रामकिशन दीक्षित, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, अभय कठेरिया, लव कनौजिया, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
