फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मार्च 2026 जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कायमगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग सदस्य सुखवीर की अवैध रूप से अर्जित चल संपत्ति को जब्त कर लिया है। पुलिस ने करीब 45,24,429 रुपये कीमत के तीन ट्रकों को जब्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली कायमगंज में मु0अ0सं0 348/2025 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के अंतर्गत एक गैंग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गैंग का लीडर जुबैर खान पुत्र लड्डन खान निवासी मोहल्ला गढ़ी इज्जत खां, कायमगंज है। गैंग के अन्य सदस्यों में रामनरेश, सुखवीर, पुष्पेंद्र, आदेश, मोबिन, तारिक उर्फ तालिब तथा पवन मिश्रा शामिल हैं।
मामले में जिला मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद द्वारा वाद संख्या 04/26, दिनांक 24 फरवरी 2026 के आदेश के अनुपालन में गैंग सदस्य सुखवीर पुत्र कश्मीर सिंह निवासी ग्राम रुटौल थाना कायमगंज द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
कायमगंज पुलिस ने धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत सुखवीर के नाम पर दर्ज तीन ट्रक UP76K8223, UP76K7402 और UP76T4054 को जब्त किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 45,24,429 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह के निर्देशन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चंदर के पर्यवेक्षण और पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह के मार्गदर्शन में की गई। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई संपन्न कराई।
जब्तीकरण की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विनीत कुमार, सचिन कुमार और नवनीत कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
