फर्रुखाबाद:भोलेपुर के व्यापारियों ने अतिक्रमण कार्रवाई पर जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2026 भोलेपुर क्षेत्र के व्यापारियों की शिकायत पर उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।

व्यापारियों ने बताया कि भोलेपुर फतेहगढ़ स्टेशन रोड पर वर्षों पुरानी दुकानों को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण की कार्रवाई की जद में लिया जा रहा है, जबकि वास्तविक अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई छोटे और पुराने व्यापारियों के उत्पीड़न का कारण बन रही है।

व्यापारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से आजीविका चला रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा एकतरफा कार्रवाई किए जाने से उनमें भारी आक्रोश है।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों को अतिक्रमण की कार्रवाई से राहत दी जाए और निष्पक्ष जांच कर वास्तविक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

अंकुर श्रीवास्तव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल व्यापारियों के समर्थन में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।

Leave a Comment