प्रयागराज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2026 समाजवादी पार्टी ने प्रयागराज में “भाजपा सरकार में पेपर लीक” विषय पर आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं द्वारा सांसदों और विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति जारी रहेगी, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाएं भी होती रहेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शब्दकोश में न धर्म बचा है और न ही शर्म।
सपा नेताओं ने भाजपा पर धार्मिक आस्था से जुड़े चढ़ावे और चंदे को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों पर चोरी के झूठे आरोप लगाते थे, उनकी “सच्ची चोरी” अब जनता के सामने आ चुकी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा के लिए “नेशन फर्स्ट” नहीं बल्कि “डोनेशन फर्स्ट” की नीति काम करती है।
प्रेस वार्ता में भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा गया कि “चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई”। साथ ही दावा किया गया कि अब जनता भाजपा नेताओं को देखकर कह रही है, “देखो जा रहा वो भाजपाई, जिसने खाई राम की पाई।”
सपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा से नाराज है और आने वाले समय में भाजपा को न चंदा मिलेगा, न दान और न ही वोट। उन्होंने कहा कि कोई भी सच्चा सनातनी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना नहीं चाहेगा, क्योंकि जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि कथित चढ़ावा और चंदा चोरी के तार कर्नाटक से जुड़े हुए हैं। सपा नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रचार और नकली वोटरों के नेटवर्क का भंडाफोड़ हो चुका है और अब उत्तर प्रदेश में ऐसे लोगों का प्रभाव नहीं चल पाएगा।
हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
